बेमेतरा। जिले में सोमवार सुबह बच्चों को लेकर जा रही एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार बच्चों के बीच चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और चालक-कंडक्टर की मदद से बच्चों को बस से बाहर निकाला। हादसे में कई बच्चों को चोटें आने की जानकारी है। घायल बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, ज्ञानोदय पब्लिक स्कूल की बस क्रमांक CG 25 A 0218 करीब 17 से 18 बच्चों को लेकर जा रही थी। बस सिंघपुर-झाल मार्ग पर खड़सरा और झाल के बीच पहुंची थी, तभी चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क से उतरकर खेत में पलट गई।

ग्रामीणों ने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला

बस पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने चालक और कंडक्टर के साथ मिलकर बस में फंसे बच्चों को एक-एक कर बाहर निकाला। इसके बाद चोटिल बच्चों को इलाज के लिए निजी अस्पतालों में पहुंचाया गया।

स्कूल बसों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

हादसे के बाद स्कूल बसों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बच्चों को प्रतिदिन स्कूल लाने और घर पहुंचाने वाली बसों की फिटनेस, गति और अन्य सुरक्षा मानकों की नियमित जांच बेहद महत्वपूर्ण है। फिलहाल हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।