गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-130C पर सोमवार को एक बार फिर यातायात प्रभावित हो गया। जुगाड़ के पास सड़क पर विशाल पेड़ गिरने से हाईवे बाधित हो गया। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

झारियाबहरा से ध्रुवागुड़ी तक सिंगल वे बना परेशानी

जानकारी के मुताबिक, झारियाबहरा से ध्रुवागुड़ी के बीच करीब 40 किलोमीटर का हिस्सा सिंगल वे है। इस मार्ग पर पहले से ही यातायात का दबाव बना रहता है। ऐसे में जुगाड़ के पास अचानक पेड़ गिरने से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई। दोनों तरफ बड़ी संख्या में वाहन फंस गए।

पेड़ हटाने के लिए वन विभाग की टीम रवाना

घटना की सूचना वन विभाग को दी गई, जिसके बाद सड़क पर गिरे पेड़ को हटाकर यातायात बहाल करने के लिए टीम मौके पर भेजी गई। इस मार्ग पर बारिश के दिनों में पेड़ गिरने और अन्य कारणों से यातायात बाधित होने की घटनाएं सामने आती रही हैं। कई बार वन विभाग और पुलिस की मदद से रास्ता खुलवाना पड़ता है।

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के कारण NH-130C पर बारिश के मौसम में सुचारू यातायात व्यवस्था और स्थायी इंतजाम की जरूरत एक बार फिर सामने आई है।