एंटरटेनमेंट डेस्क। साउथ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित पैन इंडिया फिल्म ‘टॉक्सिक’ को लेकर प्रशंसकों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। फिल्म का ट्रेलर आज रिलीज होने वाला है और जल्द ही यह सिनेमाघरों में भी दस्तक देगी। इस बीच फिल्म की रिलीज को लेकर मेकर्स ने बड़ा फैसला किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘टॉक्सिक’ को कर्नाटक में बड़े पैमाने पर रिलीज करने की तैयारी है, जहां इसे सबसे ज्यादा स्क्रीन्स और शोज मिलने की उम्मीद है।

कर्नाटक में बड़ी ओपनिंग की तैयारी

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मेकर्स की कोशिश है कि यश की फिल्म को उनके गृह राज्य कर्नाटक में शानदार शुरुआत मिले। इसी रणनीति के तहत राज्यभर में ‘टॉक्सिक’ के लिए बड़ी संख्या में स्क्रीन्स और शोज की योजना बनाई जा रही है।

बेंगलुरु में भी पहले दिन फिल्म की बड़ी संख्या में स्क्रीनिंग किए जाने की तैयारी है। माना जा रहा है कि व्यापक रिलीज के जरिए मेकर्स बॉक्स ऑफिस पर पहले ही दिन मजबूत प्रदर्शन का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।

सुबह के स्पेशल शोज की भी योजना

यश की जबरदस्त फैन फॉलोइंग को देखते हुए मेकर्स सामान्य शोज के अलावा सुबह के विशेष शो आयोजित करने पर भी विचार कर रहे हैं। इससे दर्शकों को रिलीज के पहले दिन ही फिल्म देखने के ज्यादा विकल्प मिल सकेंगे।

यदि योजना के मुताबिक फिल्म को इतनी बड़ी संख्या में स्क्रीन्स और शोज मिलते हैं, तो कर्नाटक में इसकी रिलीज एक नया बेंचमार्क स्थापित कर सकती है।

खुद डिस्ट्रीब्यूट करेंगे प्रोडक्शन हाउस

‘टॉक्सिक’ का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स ने किया है। खास बात यह है कि कर्नाटक में फिल्म के वितरण की जिम्मेदारी भी दोनों प्रोडक्शन हाउस खुद संभाल रहे हैं। ऐसे में फिल्म की स्क्रीनिंग और शोज को लेकर बड़े स्तर पर रणनीति तैयार की गई है।

अब सभी की नजरें ‘टॉक्सिक’ के ट्रेलर और उसके बाद सिनेमाघरों में फिल्म के प्रदर्शन पर टिकी हैं। यश के प्रशंसकों के उत्साह को देखते हुए फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर बड़ी शुरुआत की उम्मीद की जा रही है।