धमतरी। जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर इन दिनों पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। गंगरेल जलाशय, रुद्री डेम, माडमसिल्ली और नरहरा की प्राकृतिक खूबसूरती लोगों को खूब आकर्षित कर रही है। हरियाली से घिरे पहाड़, जलाशयों की शांत लहरें और मनोरम वातावरण के बीच परिवार और दोस्तों के साथ बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंच रहे हैं। पर्यटक प्राकृतिक नजारों का आनंद लेने के साथ कयाकिंग और अन्य वाटर स्पोर्ट्स का रोमांच भी उठा रहे हैं।
गंगरेल और रुद्री डेम बने आकर्षण का केंद्र
गंगरेल जलाशय और रुद्री डेम पर्यटकों की पहली पसंद बने हुए हैं। यहां जलक्रीड़ा गतिविधियों के विस्तार से पर्यटन को नया आयाम मिला है। कयाकिंग समेत विभिन्न वाटर स्पोर्ट्स पर्यटकों, खासकर युवाओं को आकर्षित कर रहे हैं। वहीं, जलाशय का खूबसूरत नजारा, सूर्यास्त और आसपास फैली हरियाली लोगों को यहां ज्यादा समय बिताने के लिए प्रेरित कर रही है।
माडमसिल्ली और नरहरा भी प्राकृतिक पर्यटन और पारिवारिक मनोरंजन के पसंदीदा ठिकानों के रूप में तेजी से उभर रहे हैं। छुट्टी के दिनों में यहां बड़ी संख्या में परिवार और युवा पहुंच रहे हैं।
पर्यटकों की सुविधाओं पर प्रशासन का फोकस
पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में जुटा है। पार्किंग, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था, गार्डन और हरित क्षेत्र, पेयजल तथा आवागमन की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इसके साथ ही पर्यटन स्थलों को अधिक आकर्षक और सुविधाजनक बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जलक्रीड़ा और साहसिक गतिविधियों के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर भी प्रशासन का जोर है।
पर्यटन में रोजगार की भी संभावनाएं
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि धमतरी जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। गंगरेल, रुद्री डेम, माडमसिल्ली और नरहरा जैसे प्राकृतिक स्थलों को सुविधायुक्त और आकर्षक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पर्यटकों को प्राकृतिक सौंदर्य के साथ सुरक्षित, स्वच्छ, सुव्यवस्थित और यादगार अनुभव उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। जलक्रीड़ा और साहसिक गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
कैमरों में कैद हो रही प्राकृतिक खूबसूरती
गंगरेल, रुद्री और माडमसिल्ली की विशाल जलराशि के साथ नरहरा की प्राकृतिक खूबसूरती पर्यटकों के कैमरों में खूब कैद हो रही है। परिवारों के लिए शांत वातावरण, युवाओं के लिए रोमांचक वाटर स्पोर्ट्स और प्रकृति प्रेमियों के लिए खूबसूरत नजारे इन स्थानों की खास पहचान बन रहे हैं।
पर्यटन सुविधाओं के लगातार विस्तार के साथ धमतरी अब केवल घूमने का एक पड़ाव नहीं, बल्कि प्रकृति, रोमांच और सुकून से भरपूर पर्यटन गंतव्य के रूप में अपनी नई पहचान बना रहा है।





