रायपुर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर रायपुर ग्रामीण पुलिस ने असामाजिक तत्वों और हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में गोबरा नवापारा पुलिस ने फूलचंद कॉलेज के खेल मैदान और आसपास के इलाके से तीन युवकों को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन अलग-अलग चाकू बरामद किए हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को सूचना मिली थी कि फूलचंद कॉलेज के खेल मैदान के आसपास कुछ युवक चाकू लेकर घूम रहे हैं और लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से धारदार हथियार मिले।
तीनों नवापारा के रहने वाले
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोचन उर्फ लक्की साहू (23), सौरभ पाल (21) और मनीष पाल (20) के रूप में हुई है। तीनों दम्मानी कॉलोनी, नवापारा के निवासी बताए गए हैं। लोचन के पास से बटनदार चाकू, जबकि सौरभ और मनीष के पास से स्टील के धारदार चाकू बरामद किए गए।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई है। हथियार लेकर घूमने और लोगों में दहशत फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।





