महासमुंद। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत महासमुंद पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक डिजायर कार से 12.260 किलोग्राम गांजा बरामद किया। कार में सवार राजनांदगांव के तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा, कार और चार मोबाइल फोन समेत करीब 11.40 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर रोकी गई कार
पुलिस के अनुसार, जिले में गांजा समेत अन्य अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन और बिक्री रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी।
इस दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से सफेद रंग की डिजायर कार CG 08 BF 7700 में गांजा लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही चेक पोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क कर दिया गया।
कुछ देर बाद संदिग्ध कार चेक पोस्ट पर पहुंची। पुलिस ने वाहन को रोककर उसमें सवार तीन युवकों से पूछताछ की। तीनों ने खुद को राजनांदगांव का रहने वाला बताया। कार की तलाशी लेने पर पुलिस को 12.260 किलो गांजा मिला।
ओडिशा से राजनांदगांव ले जाया जा रहा था गांजा
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर गांजा ओडिशा के पदमपुर-जोगीमुड़ा क्षेत्र से लेकर आए थे। इसे राजनांदगांव ले जाकर खपाने की तैयारी थी। पुलिस अब इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में खिलेश मंडावी (29) निवासी दुर्गा चौक, मनोहर पान ठेला, राजनांदगांव, अजय मार्कण्डेय (26) निवासी मलाईडाबरी, हाल तुलसीपुर, थाना सिटी कोतवाली राजनांदगांव और प्रेम दास मानिकपुरी (19) निवासी रानीसागर, थाना बसंतपुर, राजनांदगांव को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से बरामद 12.260 किलो गांजे की अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा करीब पांच लाख रुपये की डिजायर कार और लगभग 40 हजार रुपये के चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 11 लाख 40 हजार रुपये है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। साथ ही गांजा कहां से खरीदा गया और इसकी आपूर्ति में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इस संबंध में जांच आगे बढ़ाई जा रही है।





