अंबिकापुर। सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित कोणार्क रेसिडेंस कॉलोनी में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। नेशनल हाईवे विभाग में पदस्थ सब इंजीनियर रितेश सिंह के सूने मकान में घुसे अज्ञात बदमाश करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर में लगा सीसीटीवी सिस्टम का डीवीआर भी साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान से जुड़े सबूत पुलिस के हाथ न लग सकें।

पुलिस के अनुसार, रितेश सिंह अपने परिवार के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन के लिए वाराणसी गए हुए थे। इसी दौरान शनिवार और रविवार की दरमियानी रात चोरों ने उनके घर के मुख्य गेट का सेंट्रल लॉक तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद बदमाशों ने पूरे मकान की तलाशी ली और अलमारी में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण समेट लिए।

वारदात के बाद आरोपियों ने घर में लगे सीसीटीवी सिस्टम का डीवीआर भी निकालकर अपने साथ ले लिया, जिससे घटना से जुड़े फुटेज पुलिस को न मिल सकें। परिवार के लौटने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद तत्काल गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।