रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे राखी थाना क्षेत्र के ग्राम गनौद में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, मकान मालिक और किराएदार के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि किराएदार ने मकान मालिक का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक की पहचान वेद राम साहू (करीब 45 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं गिरफ्तार आरोपी पुरुषोत्तम धीवर उर्फ छोटू (25 वर्ष) है, जो मूल रूप से मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के धमनी भाटापारा का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिछले करीब एक-दो साल से वेद राम साहू के मकान में किराए से रह रहा था और ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाता था।

अवैध संबंध के शक को लेकर होता था विवाद

पुलिस जांच में सामने आया है कि वेद राम साहू को अपनी पत्नी और किराएदार के बीच अवैध संबंध होने का संदेह था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद और कहासुनी होती थी। घटना के दिन भी इसी मुद्दे पर दोनों के बीच बहस हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।

आरोप है कि विवाद के दौरान पुरुषोत्तम ने वेद राम साहू का गला दबा दिया। दम घुटने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलने के बाद राखी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी पुरुषोत्तम धीवर को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।