रायपुर/आरंग। आरंग थाना क्षेत्र में शिक्षक शिवकुमार चंद्राकर (46) की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मृतक के साथ काम करने वाले शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे करीब 30 लाख रुपये की उधारी और तीन महीने से ब्याज नहीं मिलने का विवाद सामने आया है।

पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को ग्राम बनचरौदा के पास शिवकुमार चंद्राकर का शव मिला था। उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। शिवकुमार ग्राम रामपुर डंगनिया, थाना गोबरा नवापारा के निवासी थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वाड और साइबर टीम की मदद से जांच शुरू की गई।

आखिरी बार साथी शिक्षक के साथ देखे गए थे शिवकुमार

जांच में पुलिस को पता चला कि शिवकुमार और चंद्रप्रकाश वर्मा दोनों ग्राम कुम्हारी के स्कूल में शिक्षक थे। ग्रामीणों और चरवाहों ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन शिवकुमार को आखिरी बार चंद्रप्रकाश के साथ सफेद स्कूटी पर बनचरौदा की ओर जाते देखा गया था। इसके बाद स्कूल के CCTV फुटेज और शिक्षा विभाग के VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट की जांच की गई।

पुलिस के मुताबिक, चंद्रप्रकाश सुबह करीब 9:35 बजे स्कूल पहुंचा और बाद में निजी काम का हवाला देकर बाहर चला गया। दोपहर करीब 12:50 बजे वह वापस स्कूल पहुंचा। आरोप है कि उसने अपने मोबाइल के बजाय एक अन्य शिक्षक के मोबाइल से VSK ऐप में उपस्थिति दर्ज कराई। पुलिस ने इस लॉग रिपोर्ट को जांच की महत्वपूर्ण कड़ी बताया है।

रेत, रियल एस्टेट और ट्रेडिंग में था लेन-देन

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों शिक्षक करीब चार साल से एक-दूसरे को जानते थे। उनके बीच रेत, रियल एस्टेट और बुलियन मार्केट में निवेश व ट्रेडिंग से जुड़ा आर्थिक लेन-देन था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शिवकुमार को करीब 30 लाख रुपये उधार दिए थे और बदले में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के तीन ब्लैंक चेक लिए थे।

पुलिस का कहना है कि पिछले करीब तीन महीने से ब्याज नहीं मिलने के कारण दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था।

सुनसान इलाके में ले जाकर हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे दोनों की मुलाकात कुम्हारी स्कूल के बाहर पटवारी कार्यालय के पास हुई। पैसों और ब्याज को लेकर बातचीत करते हुए दोनों बनचरौदा के सुनसान इलाके की ओर गए।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर चंद्रप्रकाश ने स्कूटी में रखे धारदार हथियार से शिवकुमार के सिर के पीछे हमला किया। इसके बाद हथौड़े से सिर और चेहरे पर कई वार किए गए, जिससे उनकी मौत हो गई।

स्कूटी, हथियार और ब्लैंक चेक जब्त

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कथित तौर पर घटना में इस्तेमाल सफेद स्कूटी, धारदार हथियार, हथौड़ा, तीन ब्लैंक चेक, मृतक का पर्स और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इसके अलावा आरोपी के कपड़े, जूते और मोजे भी जांच के लिए कब्जे में लिए गए हैं।

चंद्रप्रकाश वर्मा को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जब्त सामग्री की फॉरेंसिक जांच सहित मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।