आरंग। रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बनचरौदा में गुरुवार को एक शिक्षक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव गांव के मुक्तिधाम के पास सीसी रोड के अंतिम छोर पर मिला। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।


मृतक की पहचान शिवकुमार चन्द्राकर के रूप में

पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे ग्रामीणों ने मुक्तिधाम के पास एक व्यक्ति का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची टीम ने शव की पहचान शिवकुमार चन्द्राकर (47), निवासी डगनिया (चंपारण), के रूप में की। वह कुम्हारी के शासकीय विद्यालय में पदस्थ शिक्षक थे।


शव के पास मिली मोटरसाइकिल

जांच के दौरान मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। घटनास्थल के पास ही उनकी मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली। संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है।


FSL और डॉग स्क्वाड की टीम जुटी जांच में

मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच के लिए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाने के साथ ग्रामीणों और संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। मृतक के संपर्क में रहे लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।


पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण

फिलहाल शिक्षक की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि मामला हत्या का है या मौत के पीछे कोई अन्य कारण है। मामले की जांच जारी है।