सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर विकासखंड के पहाड़करवां प्राथमिक शाला में पदस्थ एक शिक्षक का कथित रूप से शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है और उन्होंने शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


जानकारी के अनुसार, शिक्षक के नशे की हालत में स्कूल आने की सूचना मिलते ही गांव के सरपंच और स्थानीय ग्रामीण स्कूल पहुंचे। वायरल वीडियो में शिक्षक लड़खड़ाते हुए दिखाई दे रहे हैं और स्कूल में उपस्थिति दर्ज करने के लिए मोबाइल पर लोकेशन खोजते नजर आ रहे हैं।


ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक की इस लापरवाही से स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है और बच्चों की पढ़ाई पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने पूरे घटनाक्रम का पंचनामा तैयार कर विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) को लिखित शिकायत सौंपी।


ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, वायरल वीडियो और शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।