अंबिकापुर। सरगुजा जिले के कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी और एक अन्य युवक पर फावड़े से हमला कर दिया था। दोनों की मौत हो गई थी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने पांच दिन बाद पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बाबूलाल मझवार (35) निवासी बिसरपानी तिलकपारा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल फावड़ा और घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं।

शराब पीने के दौरान शुरू हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, घटना 17 अगस्त की शाम ग्राम बिसरपानी दारापारा की है। सोमारू मझवार के घर पर बेंजे बड़ा, नईहारो मझवार और उसका पति बाबूलाल मझवार पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि तीनों ने शराब पी रखी थी और घर में आग ताप रहे थे। इसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।

अगली सुबह घर में मिलीं दो लाशें

विवाद बढ़ने पर सोमारू मझवार वहां से दूसरे घर में चला गया। अगले दिन 18 अगस्त की सुबह जब वह वापस पहुंचा तो घर के अंदर बेंजे बड़ा और नईहारो मझवार मृत अवस्था में मिले।

दोनों के सिर, चेहरे और शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे। वहीं नईहारो का पति बाबूलाल मौके से गायब था। सूचना मिलने के बाद कमलेश्वरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पत्नी के चरित्र पर संदेह बना विवाद की वजह

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान बाबूलाल मझवार की भूमिका को लेकर साक्ष्य सामने आए। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने पत्नी नईहारो मझवार और बेंजे बड़ा के साथ चरित्र संदेह को लेकर विवाद होने की बात कही। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान उसने फावड़े से दोनों पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

फावड़ा और कपड़े जब्त

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया फावड़ा बरामद किया है। इसके अलावा घटना के दौरान आरोपी द्वारा पहने गए कपड़ों को भी जब्त किया गया है।

पुलिस ने आरोपी बाबूलाल मझवार के खिलाफ कमलेश्वरपुर थाने में अपराध क्रमांक 63/26 दर्ज किया है। मामले में BNS की धारा 103(1) के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

SSP ने किया था घटनास्थल का निरीक्षण

दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलने के बाद डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।

इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी और सीतापुर एसडीओपी तुल सिंह पट्टावी के नेतृत्व में कमलेश्वरपुर पुलिस ने जांच और आरोपी की तलाश तेज की।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

आरोपी की गिरफ्तारी और मामले की जांच में कमलेश्वरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार प्रजापति, एएसआई बैजनाथ राम, एएसआई बबलू कुजूर, साइबर सेल प्रभारी अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक विकास सिन्हा और आरक्षक विकास मिश्रा, अशोक यादव, अर्जुन पैकरा तथा बरन सिंह की भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।