सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के बाईपास रोड पर तेज रफ्तार हाईवा और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार दो लोग बाईपास रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक की हाईवा से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और हाईवा की चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।

पुलिस ने हाईवा किया जब्त

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को भी जब्त कर लिया गया है।

फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर उनकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। इसके साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

फरार चालक की तलाश जारी

हादसे के बाद हाईवा चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मृतकों की पहचान होने के बाद उनके परिजनों को सूचना दी जाएगी।