बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। राजपुर थाना क्षेत्र के सेवारी के पास तेज रफ्तार पिकअप और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप सवार तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में कुल 10 मजदूर सवार थे। सभी मजदूर टमाटर की खेती से जुड़े काम के लिए शंकरगढ़ जा रहे थे। रात करीब दो बजे पिकअप सेवारी के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घायलों को अंबिकापुर किया गया रेफर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी और घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सातों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि हादसे में मृत और घायल सभी मजदूर सूरजपुर जिले के नरोला गांव के रहने वाले हैं। घटना की सूचना गांव और परिजनों तक पहुंचते ही मातम छा गया।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
देर रात हुए इस हादसे के बाद राजपुर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे किसकी लापरवाही थी। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की स्थिति से टक्कर की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।





