सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के भुनेश्वरपुर प्री-मैट्रिक छात्रावास की छात्राओं ने भोजन और जरूरी सुविधाओं की कमी का आरोप लगाते हुए सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। छात्राओं ने छात्रावास की व्यवस्थाओं में सुधार करने के साथ ही अधीक्षिका को हटाने की मांग भी उठाई। अधिकारियों के आश्वासन के बाद छात्राओं ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
छात्राओं का आरोप है कि छात्रावास में उन्हें नियमित और पर्याप्त भोजन नहीं मिल रहा है। मेस की व्यवस्था भी ठीक नहीं होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्राओं ने भोजन के साथ दैनिक जरूरत की सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने की शिकायत भी की।
छात्राओं का आरोप- खुद खर्च करने पड़ते हैं पैसे
प्रदर्शन कर रही छात्राओं ने आरोप लगाया कि छात्रावास में भोजन और अन्य जरूरी सामान समय पर उपलब्ध नहीं होने के कारण कई बार उन्हें अपनी जरूरतों के लिए खुद पैसे खर्च करने पड़ते हैं। कुछ परिस्थितियों में बाहर जाकर भोजन करने की नौबत भी आती है।
छात्राओं का कहना है कि उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं को बेहतर करने की मांग उठाई, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं होने पर उन्हें सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ा।
सड़क पर बैठीं छात्राएं, मौके पर पहुंची पुलिस
अपनी मांगों को लेकर छात्राएं सड़क पर धरने पर बैठ गईं। अचानक हुए प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
मामले की जानकारी मिलने पर ट्राइबल विभाग के सहायक संचालक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रही छात्राओं से बातचीत कर उनकी शिकायतों और मांगों की जानकारी ली।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद खत्म हुआ धरना
अधिकारियों ने छात्राओं को छात्रावास में भोजन, मेस और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था में सुधार करने का आश्वासन दिया। समस्याओं के समाधान का भरोसा मिलने के बाद छात्राओं ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
छात्राओं ने मांग की है कि छात्रावास की व्यवस्थाओं में जल्द सुधार किया जाए, ताकि उन्हें भोजन और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।




