अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से शिक्षा जगत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। अंबिकापुर के एक निजी स्कूल की शिक्षिका पर आरोप है कि उन्होंने दो छात्रों के बीच हुए विवाद के बाद एक छात्र को दंड स्वरूप कॉपी में कई पन्नों तक अश्लील गालियां लिखवाईं। आरोप है कि छात्र से मां से जुड़ी अपशब्दों वाली गालियां करीब 100 बार लिखवाई गईं। घटना का खुलासा होने के बाद अभिभावकों में नाराजगी है और उन्होंने संबंधित शिक्षिका व स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
दो छात्रों के विवाद के बाद दी गई यह सजा
जानकारी के अनुसार, मामला अंबिकापुर स्थित बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल का है। बताया जा रहा है कि कक्षा में दो छात्रों के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद शिक्षिका ने अनुशासनात्मक कार्रवाई के नाम पर एक छात्र को कॉपी में बार-बार अश्लील शब्द और गालियां लिखने का निर्देश दिया।
जब छात्र की कॉपी घर पहुंची और अभिभावकों ने उसे देखा तो वे हैरान रह गए। इसके बाद उन्होंने स्कूल प्रबंधन के समक्ष कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामला सामने आने के बाद छात्र संगठनों ने भी इस घटना की निंदा की है।
DEO ने दिए जांच के निर्देश
सरगुजा के जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) दिनेश कुमार झा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने जांच के लिए सहायक संचालक को मौके पर भेज दिया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह कृत्य पूरी तरह अनुचित प्रतीत होता है। विद्यार्थियों को इस तरह के शब्द लिखवाना या ऐसे संस्कार देना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। शिक्षा के मंदिर में इस प्रकार की गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




