पत्थलगांव। जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र में फुलेता चौक के पास गुरुवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक चला रहे 27 वर्षीय रोहित नट की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर पीछे बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, फुलेता निवासी रोहित नट रात में तमता से बाइक से अपने घर लौट रहा था। उसके साथ एक युवती भी सवार थी। रात करीब 11 बजे फुलेता चौक के पास ट्रक क्रमांक CG 15 CW 3047 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि रोहित ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
युवक की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना से नाराज लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब आधे घंटे तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। ग्रामीणों ने फुलेता चौक पर बेहतर यातायात व्यवस्था, ट्रैफिक सिग्नल और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने की मांग की।
सूचना पर पत्थलगांव तहसीलदार प्रमोद पटेल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा की। प्रशासन की ओर से मृतक के अंतिम संस्कार के लिए तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।




