न्यूयॉर्क। फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल में स्पेन ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। हालांकि, मैच के बाद आयोजित ट्रॉफी वितरण समारोह में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मौजूदगी जीत से ज्यादा चर्चा का विषय बन गई।


ट्रॉफी समारोह में खिलाड़ियों के बीच खड़े रहे ट्रंप

ट्रॉफी वितरण समारोह के दौरान डोनाल्ड ट्रंप फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो के साथ मंच पर पहुंचे। दोनों ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों तथा सपोर्ट स्टाफ को मेडल पहनाए। इसके बाद ट्रंप ने स्पेन के कप्तान रोड्री को विश्व कप ट्रॉफी सौंपी।

ट्रॉफी सौंपने के बाद जब स्पेनिश खिलाड़ी अपनी ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाने और ट्रॉफी उठाने की तैयारी कर रहे थे, तब भी ट्रंप मंच पर खिलाड़ियों के बीच खड़े रहे। कुछ देर बाद फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो और अन्य अधिकारियों ने उन्हें मंच से हटने का संकेत दिया। इसके बाद ट्रंप पीछे हटे और स्पेन के खिलाड़ियों ने ट्रॉफी उठाकर अपनी जीत का जश्न मनाया।


वीडियो वायरल, सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़

समारोह के दौरान हुई यह घटना कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई यूजर्स ने ट्रंप के मंच पर बने रहने को लेकर मजेदार मीम्स और टिप्पणियां साझा कीं, जबकि कुछ लोगों ने इसे ट्रॉफी समारोह के प्रोटोकॉल के विपरीत बताया।

हालांकि, इस घटना को लेकर फीफा या व्हाइट हाउस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।