नारायणपुर। जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। लगातार चलाए जा रहे सर्च अभियान के तहत अलग-अलग स्थानों से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और नकदी बरामद की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने टेकला क्षेत्र के जंगलों में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान वहां छिपाकर रखे गए हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया। बरामद सामग्री में इंसास रायफल, एसएलआर, .303 रायफल के साथ बड़ी मात्रा में कारतूस और विस्फोटक सामग्री शामिल है।इसके अलावा छोटेडोंगर क्षेत्र के तोयामेटा जंगल-पहाड़ी में चलाए गए अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई 24 लाख रुपये की नकदी भी बरामद की है। अधिकारियों के अनुसार, बरामद नकदी और हथियारों के संबंध में आगे की जांच की जा रही है।

                                                                               सुरक्षाबलों का कहना है कि क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों के अवशेषों को पूरी तरह समाप्त करने के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। अभियान के दौरान जंगलों और पहाड़ी इलाकों में छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री की तलाश की जा रही है।अधिकारियों ने इस कार्रवाई को नक्सल नेटवर्क के बचे हुए संसाधनों को खत्म करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।