जगदलपुर। नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। तेलंगाना के मुलुगु जिले के वाजेडू थाना क्षेत्र में खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए संयुक्त अभियान में सुरक्षाबलों ने माओवादियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखा गया हथियार और IED डंप बरामद किया है। बरामद विस्फोटक सामग्री को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया गया। अभियान के बाद सभी जवान सुरक्षित वापस लौट आए।
जानकारी के अनुसार, पामुनुरु गांव के उत्तर में स्थित कराईगुट्टा पहाड़ियों के घने जंगल में माओवादियों के हथियार और विस्फोटक सामग्री छिपाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद 39वीं बटालियन सीआरपीएफ, जिला पुलिस और बम निरोधक दस्ते (BDS) ने गुरुवार सुबह संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
सुबह करीब 5:30 बजे शुरू हुए अभियान के दौरान करीब 8:30 बजे जवानों ने संदिग्ध स्थान की तलाशी ली, जहां माओवादियों का छिपाया गया डंप बरामद हुआ।
सुरक्षा बलों ने डंप से दो भरमार राइफल, 25 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, जिलेटिन स्टिक, कॉर्डेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर, 12 वोल्ट की बैटरी सहित बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और नक्सलियों के उपयोग का अन्य सामान बरामद किया।
बम निरोधक दस्ते ने सभी विस्फोटक सामग्री को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया, जिससे किसी भी संभावित खतरे को टाल दिया गया।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि माओवादी इस विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल सुरक्षा बलों को निशाना बनाने या किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए कर सकते थे। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और आसपास के जंगलों में भी तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।





