रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित VR एजुकेशन एकेडमी में ताला तोड़कर लाखों रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा किया है। वारदात के बाद ट्रेन से उज्जैन की ओर भाग रहे दो आरोपियों को पुलिस ने RPF भिलाई और बैतूल पुलिस की मदद से मध्य प्रदेश के बैतूल में पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी के 4 लाख 97 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को रायपुर लाकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
आधी रात ताला तोड़कर एकेडमी में घुसे
मामला उरला थाना क्षेत्र के बीरगांव स्थित कैलाश नगर की VR एजुकेशन एकेडमी का है। एकेडमी संचालक प्रगति वर्मा ने पुलिस को बताया कि 31 अगस्त 2026 की रात करीब 12:06 बजे से 12:48 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुआ।
आरोप है कि एकेडमी में रखी अलमारी के लॉकर से नकदी चोरी कर आरोपी फरार हो गया। शिकायत के आधार पर उरला पुलिस ने BNS की धारा 331(4), 305 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
चोरी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने विशेष टीम गठित की। पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पाण्डेय, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा और उरला थाना प्रभारी रोहित मालेकर की टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस ने एकेडमी और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। एकेडमी से जुड़े लोगों से पूछताछ करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया गया।
ट्रेन से उज्जैन भागने की मिली जानकारी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि संदिग्ध ट्रेन के रास्ते उज्जैन की ओर भाग रहे हैं। इसके बाद रायपुर पुलिस ने RPF भिलाई और बैतूल पुलिस से संपर्क कर आरोपियों की जानकारी साझा की।
पुलिस की सूचना पर दोनों संदिग्धों को बैतूल में हिरासत में लिया गया। उन्हें रायपुर लाकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने एकेडमी में चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।
4.97 लाख रुपये नकद बरामद
पुलिस ने मामले में चित्रांश सेन (18) और फिरोज साहू (19) को गिरफ्तार किया है। चित्रांश खमतराई थाना क्षेत्र और फिरोज उरला थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है।
दोनों के कब्जे से चोरी की 4,97,500 रुपये की नकदी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, चित्रांश सेन के खिलाफ वर्ष 2022 में खमतराई थाने में मारपीट और मोटरसाइकिल चोरी से जुड़े दो प्रकरण पहले भी दर्ज हुए थे।





