कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच करंट लगने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। अलग-अलग स्थानों पर हुए इन हादसों के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। घटनाओं को देखते हुए बिजली विभाग ने लोगों से बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
बारिश में बिजली से रहें सतर्क
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी (बिलासपुर क्षेत्र) ने मानसून के दौरान होने वाले बिजली हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने कहा है कि बारिश और आंधी के समय बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों, हाईटेंशन लाइनों और जमीन पर गिरे बिजली के तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं बिजली का तार टूटा हुआ मिले या बिजली व्यवस्था में कोई खराबी दिखाई दे तो तत्काल टोल-फ्री नंबर 1912, 'मोर बिजली' ऐप या नजदीकी विद्युत वितरण केंद्र को इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
घर के बाहर खेल रहे मासूम की गई जान
पहली घटना सीएसईबी चौकी क्षेत्र के पंप हाउस इलाके की है। यहां छह वर्षीय ज्योति पांडे अपने घर के बाहर खेल रहा था। बताया जा रहा है कि एक पड़ोसी ने लकड़ी के बांस के सहारे अस्थायी बिजली कनेक्शन लिया हुआ था। लगातार बारिश के कारण बिजली का तार टूटकर जमीन पर गिर गया।
खेलते-खेलते मासूम बच्चे का संपर्क उस करंट प्रवाहित तार से हो गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरे हादसे में भी मासूम की मौत
इसी तरह जिले के एक अन्य क्षेत्र में भी करंट की चपेट में आने से एक अन्य बच्चे की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामलों की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसे किन परिस्थितियों में हुए।
बिजली विभाग ने बरतने को कहा विशेष एहतियात
बिजली विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में बिजली संबंधी किसी भी उपकरण, खुले तार या क्षतिग्रस्त बिजली ढांचे के पास जाने से बचें। बच्चों को भी ऐसे स्थानों से दूर रखें और किसी भी तरह की बिजली संबंधी खराबी की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।





