रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश के बाद अब मौसम का मिजाज बदलने लगा है। प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में कमी आई है और पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
रायपुर में छाए रह सकते हैं हल्के बादल
राजधानी रायपुर में मंगलवार, 29 सितंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
आज किसी जिले के लिए चेतावनी नहीं
मौसम विभाग की ओर से फिलहाल प्रदेश के किसी भी जिले के लिए विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जरूर बनी हुई है। अगले दो दिनों में भी कुछ इलाकों में छिटपुट वर्षा देखने को मिल सकती है।
सरगुजा और बस्तर में हुई हल्की बारिश
बीते 24 घंटों में सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई। कुसमी और बैकुंठपुर में एक-एक सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 33 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मानसून की वापसी की प्रक्रिया जारी
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा आगे बढ़ रही है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। फिलहाल इसके कारण छत्तीसगढ़ में व्यापक भारी बारिश की स्थिति नहीं बन रही है।
प्रदेश में आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां सीमित रहने और अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है। ऐसे में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी भी देखने को मिल सकती है।





