मुंबई। अभिनेत्री कंगना रनौत की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'क्वीन 2' रिलीज से पहले ही कानूनी विवादों में घिर गई है। फिल्म के मूल निर्माता फैंटम स्टूडियोज ने जियोस्टार और फिल्म से जुड़े पक्षों के खिलाफ 250 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग करते हुए बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख किया है।
याचिका में फैंटम स्टूडियोज का आरोप है कि वर्ष 2014 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म 'क्वीन' के सीक्वल और उससे जुड़े अधिकार दोनों पक्षों के बीच साझा थे। ऐसे में उनकी पूर्व सहमति के बिना किसी भी सीक्वल या उससे संबंधित परियोजना का निर्माण नहीं किया जा सकता। कंपनी का कहना है कि 'क्वीन 2' का निर्माण उनकी अनुमति के बिना किया गया है, जिससे उनके बौद्धिक संपदा (आईपी) अधिकारों का उल्लंघन हुआ है।
दूसरी ओर, जियोस्टार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए अदालत में अपना पक्ष रखा है। कंपनी का कहना है कि यह फिल्म पूरी तरह मौलिक और स्वतंत्र कहानी पर आधारित है तथा इसका मूल फिल्म 'क्वीन' की कहानी, किरदारों या रचनात्मक सामग्री से कोई संबंध नहीं है। इसलिए इसे अनधिकृत सीक्वल नहीं माना जा सकता।
गौरतलब है कि कंगना रनौत ने हाल ही में फिल्म की शूटिंग पूरी होने की जानकारी साझा की थी। शूटिंग पूरी होने के कुछ ही दिनों बाद यह कानूनी विवाद सामने आने से फिल्म की रिलीज और आगे की प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। अब मामले में अंतिम फैसला अदालत की सुनवाई के बाद ही स्पष्ट होगा।





