रायपुर। राजधानी रायपुर में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 15 अगस्त को पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे और राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। समारोह से पहले गुरुवार को पुलिस परेड ग्राउंड में फुल ड्रेस रिहर्सल की जा रही है। इसमें परेड से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

परेड में शामिल होंगी 17 टोलियां

इस बार स्वतंत्रता दिवस की परेड भव्य होने वाली है। इसमें कुल 17 टोलियां हिस्सा लेंगी। BSF, CRPF, ITBP, CISF और SSB की टुकड़ियां परेड में कदमताल करते हुए सलामी देंगी। खास बात यह है कि इस बार बिहार पुलिस की टोली भी परेड में शामिल होगी।

इसके अलावा छत्तीसगढ़ पुलिस की पुरुष और महिला टुकड़ियों के साथ जेल पुलिस, नगर सेना और NCC की टोलियां भी परेड का हिस्सा बनेंगी। फुल ड्रेस रिहर्सल में सभी टुकड़ियां निर्धारित क्रम के अनुसार परेड का अभ्यास कर रही हैं।

घुड़सवार दल और डॉग स्क्वायड पर रहेंगी निगाहें

समारोह में घुड़सवार दल और डॉग स्क्वायड लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। डॉग स्क्वायड के प्रशिक्षित श्वान अपने विशेष कौशल का प्रदर्शन करेंगे। वहीं घुड़सवार दल की प्रस्तुति भी समारोह को खास बनाएगी।

IPS विमल कुमार पाठक के हाथों में परेड की कमान

स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाली परेड की कमान IPS विमल कुमार पाठक संभालेंगे। वहीं निशांत कुमार कुर्रे परेड कमांडर-2IC की जिम्मेदारी निभाएंगे। फुल ड्रेस रिहर्सल में परेड के निर्धारित क्रम, सलामी और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अभ्यास किया जा रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था भी रहेगी चाक-चौबंद

स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्क है। पुलिस परेड ग्राउंड और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। समारोह स्थल की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि 15 अगस्त का राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह भव्य, सुरक्षित और अनुशासित तरीके से संपन्न हो सके।