रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से जुड़ी एक तस्वीर को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासी विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने कांग्रेस IT सेल से जुड़े अरुण साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि सोशल मीडिया पर नितिन नबीन की तिरंगा फहराने वाली तस्वीर से कथित तौर पर छेड़छाड़ कर भ्रामक पोस्ट प्रसारित की गई।
शिकायत में कहा गया है कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नितिन नबीन ने अपने निवास पर राष्ट्रीय ध्वज लगाया था। इससे संबंधित मूल फोटो और वीडियो भी उपलब्ध होने का दावा किया गया है। आरोप है कि बेमेतरा जिला कांग्रेस IT सेल के अध्यक्ष अरुण साहू ने सोशल मीडिया पर तस्वीर में कथित बदलाव कर पोस्ट साझा किया और इसके जरिए नितिन नबीन की छवि खराब करने का प्रयास किया।
भाजपा प्रवक्ता का दावा है कि विवाद बढ़ने के बाद संबंधित पोस्ट को सोशल मीडिया से हटा दिया गया। हालांकि, पोस्ट का स्क्रीनशॉट शिकायत के साथ पुलिस को सौंपा गया है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम की धारा 2 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 356 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट, तस्वीर के मूल स्रोत और उसमें कथित तौर पर किए गए बदलाव सहित अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर साधा निशाना
मामले को लेकर भाजपा प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों से राष्ट्रीय ध्वज और भाजपा नेताओं से संबंधित सामग्री को बिना तथ्य जांचे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रीय पर्व को लेकर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तस्वीर में वास्तव में किस स्तर पर छेड़छाड़ हुई और पोस्ट के पीछे क्या उद्देश्य था, इसे लेकर पुलिस की जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।




