रायपुर। राजधानी रायपुर में ज्वेलर्स की दुकान की दीवार तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। टिकरापारा थाना क्षेत्र के रावतपुरा कॉलोनी फेस-2 स्थित श्री गुरु ज्वेलर्स में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने 72 घंटे के भीतर दो महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 किलो चांदी के जेवर, एक सोने का लॉकेट, वारदात में इस्तेमाल दो दोपहिया वाहन और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 7.50 लाख रुपये बताई जा रही है।


सुबह दुकान पहुंचे तो टूटी मिली दीवार

रावतपुरा कॉलोनी फेस-2 निवासी निमाई डोन्डा की इलाके में श्री गुरु ज्वेलर्स नाम से दुकान है। 10 अगस्त 2026 की सुबह करीब 7 बजे उन्हें दुकान में चोरी होने की सूचना मिली।

दुकान पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दीवार तोड़ी गई थी और अंदर रखे सोने-चांदी के गहने गायब थे। इसके बाद उन्होंने टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।


आरोपियों तक पहुंचने के लिए बनाई गईं 10 से ज्यादा टीमें

वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए 10 से अधिक विशेष टीमें गठित कीं। घटनास्थल से तकनीकी साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे बड़ी संख्या में CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई।

पुलिस ने पुराने नकबजनों और हाल में जेल से रिहा हुए संदिग्धों के संबंध में भी जानकारी जुटाई। तकनीकी जांच और CCTV फुटेज से मिले सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।


महिला से पूछताछ के बाद मिला अहम सुराग

जांच के दौरान पुलिस ने पुरानी बस्ती क्षेत्र की रहने वाली आकांक्षा सोनी को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ से मिले सुराग के बाद गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की गई और कथित मास्टरमाइंड समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।


दो आरोपियों ने तोड़ी दीवार, तीसरा बाहर करता रहा निगरानी

पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के दौरान एम. मोहन राव और मिराज आलम ने कथित तौर पर दुकान की दीवार तोड़ी और अंदर घुसकर गहने चोरी किए।

वहीं लोकेश राव दुकान के बाहर रहकर आसपास की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। पुलिस के अनुसार, चोरी के बाद आरोपियों ने गहनों को आपस में बांट लिया था।


₹7.50 लाख का सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब दो किलो चांदी के आभूषण, एक सोने का लॉकेट, दो दोपहिया वाहन और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी कुल कीमत करीब 7.50 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह का संबंध किसी अन्य चोरी या नकबजनी की वारदात से तो नहीं है।