रायपुर। राजधानी रायपुर के औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा में संदिग्ध माल के परिवहन और भंडारण को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने रिंग रोड नंबर-3 स्थित धनेली नाला के पास चार मालवाहक वाहनों को जब्त किया है। इन वाहनों से बड़ी मात्रा में स्पंज, स्क्रैप और कॉइल बरामद होने की बात सामने आई है। मामले में मौके पर मिले दो लोगों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई है।

सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस

पुलिस के मुताबिक, सिलतरा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि धनेली नाला के पास एक बड़ी बाउंड्री के पीछे कुछ मालवाहक वाहनों में संदिग्ध रूप से स्पंज, कॉइल और स्क्रैप रखा गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वहां खड़े वाहनों की जांच शुरू की।

इस दौरान मौके पर उमेश साव (42) निवासी हर्षित विहार कॉलोनी, उरकुरा और अमन कुमार (20) निवासी ग्राम धनेली मिले। पुलिस ने दोनों से माल और वाहनों के संबंध में पूछताछ की।

चार वाहनों से बरामद हुआ माल

पुलिस ने मौके से हाइड्रा वाहन CG-04-NM-5789 जब्त किया, जिसे अमन कुमार चला रहा था। इसके अलावा पिकअप CG-04-NR-1692 में करीब 700 क्विंटल स्पंज लोड होने की जानकारी दी गई है।

वहीं, टाटा मालवाहक CG-04-MJ-0251 से करीब डेढ़ टन स्क्रैप और हाइवा CG-04-JB-6710 से करीब एक टन कॉइल बरामद किया गया। पुलिस ने चारों वाहनों के साथ उनमें रखे पूरे माल को जब्त कर लिया है।

दस्तावेजों की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब जब्त स्पंज, स्क्रैप और कॉइल से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि माल किसका है, इसे कहां से लाया गया था और कहां पहुंचाया जाना था। माल के स्रोत और स्वामित्व की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दो लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई

मामले में मौके पर मिले दोनों व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस ने धारा 35(1) बीएनएसएस तथा धारा 170/126, 135(3) बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।