अंबिकापुर। सरगुजा में नेशनल हाईवे की बदहाल सड़क को लेकर भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की नाराजगी सामने आई है। बताया जा रहा है कि जर्जर सड़क पर उनकी कार करीब दो घंटे तक फंसी रही। इसके बाद उन्होंने सड़क की स्थिति को लेकर मंत्री और स्थानीय भाजपा नेताओं के सामने नाराजगी जाहिर की। मामला सामने आने के बाद संबंधित अधिकारियों को तत्काल सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री और अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल ने मामले को लेकर कहा कि पवन साय ने उनसे भी सड़क की खराब स्थिति को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने जनता को हो रही परेशानी का मुद्दा उठाते हुए व्यवस्था सुधारने की बात कही।
'जनता परेशान हो तो नेतागिरी का क्या फायदा'
मंत्री राजेश अग्रवाल के मुताबिक, पवन साय ने सड़क की बदहाली को लेकर सवाल उठाया और कहा कि जब क्षेत्र की जनता को ऐसी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तो नेतागिरी का क्या फायदा।
इसके बाद नेशनल हाईवे से जुड़े अधिकारियों को सड़क की स्थिति सुधारने और तत्काल मरम्मत शुरू करने के निर्देश दिए गए। निर्देश मिलने के बाद सड़क पर सुधार कार्य शुरू कर दिया गया है।
लंबे समय से खराब बताई जा रही सड़क
स्थानीय स्तर पर यह सड़क लंबे समय से खराब बताई जा रही है। जर्जर हिस्सों के कारण यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
अब मरम्मत कार्य शुरू होने के बाद सड़क से आवाजाही करने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इलाके में चर्चा का विषय बना मामला
भाजपा संगठन महामंत्री की कार खराब सड़क पर फंसने और इसके बाद सड़क की मरम्मत शुरू होने का मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं, सड़क की स्थिति को लेकर सामने आई नाराजगी के बाद अधिकारियों पर जल्द से जल्द मरम्मत कार्य पूरा करने का दबाव भी बढ़ गया है।




