रायपुर। राजधानी के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया। इस दौरान धारदार हथियार से भी हमला किया गया, जिसमें दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। गनीमत रही कि पुलिस की पेट्रोलिंग टीम समय रहते मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित कर लिया। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 28 अगस्त की रात करीब 11 बजे डबरी पारा इलाके में हुई। पुरानी रंजिश को लेकर मुकुल ध्रुव और उसके साथियों का सौरभ नायक से विवाद हो गया। आरोप है कि मुकुल और उसके साथियों ने सौरभ के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसी दौरान धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। बीच-बचाव करने पहुंची देवकी सोनी को भी चोट आई। घायल सौरभ का उपचार जारी है और उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

चार आरोपी गिरफ्तार, धारदार हथियार बरामद

पुरानी बस्ती पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 444/2026 दर्ज कर बीएनएस की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक धारदार हथियार भी बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में करण यादव (26), भीष्म साहू उर्फ ऋषभ साहू (19), मुकुल ध्रुव (23) और महेश ध्रुव उर्फ माइकल (23) शामिल हैं। मामले से जुड़ा एक अन्य आरोपी विकास यादव फिलहाल उपचाराधीन है।

दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी केस दर्ज

पुलिस ने बताया कि इसी विवाद को लेकर दूसरे पक्ष की शिकायत पर अपराध क्रमांक 445/2026 भी दर्ज किया गया है। इसमें सौरभ नायक पर मुकुल ध्रुव और उसके साथियों के साथ गाली-गलौज करने और धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाया गया है।

हमले में विकास के पेट और करण यादव के हाथ में चोट आई है। सौरभ नायक भी फिलहाल उपचाराधीन है। पुलिस का कहना है कि स्वस्थ होने के बाद उसके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पेट्रोलिंग टीम पहुंची तो टली बड़ी घटना

घटना के दौरान पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंच गई और तत्काल हस्तक्षेप करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की तत्परता के कारण विवाद और अधिक गंभीर रूप नहीं ले सका।

डीसीपी पश्चिम रॉबिन्सन गुड़िया और एडीसीपी राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।