भटगांव। महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े ने शुक्रवार को भटगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में मरीजों को मिल रही सुविधाओं, उपचार व्यवस्था, स्वच्छता और समग्र संचालन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने ओपीडी, वार्ड, प्रसूति कक्ष, दवा वितरण केंद्र, पेयजल व्यवस्था तथा अस्पताल परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर इलाज, दवाओं की उपलब्धता और अन्य सुविधाओं की जानकारी भी ली।

मंत्री राजवाड़े ने अस्पताल में मिली कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को समय पर उपचार, आवश्यक दवाएं और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, दवाओं का पर्याप्त भंडारण बनाए रखने तथा चिकित्सा उपकरणों को सुचारु रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, "मेरे क्षेत्र की देवतुल्य जनता को बेहतर, सुगम और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।"

मंत्री ने अधिकारियों से अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने तथा गंभीर मरीजों का प्राथमिकता के आधार पर उपचार करने को कहा। साथ ही अस्पताल परिसर में स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण संबंधी सभी मानकों का कड़ाई से पालन कराने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख आधार हैं। इसलिए यहां सभी आवश्यक सुविधाएं प्रभावी और व्यवस्थित रूप से उपलब्ध रहनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को नियमित निगरानी रखने और शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।