रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 10 जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और नदी-नालों व जलभराव वाले इलाकों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
इन 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार बलौदाबाजार, बलरामपुर, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, जशपुर, कोरबा, महासमुंद, रायगढ़, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले बारिश से ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं। इन जिलों में कुछ स्थानों पर तेज से बहुत तेज बारिश होने की संभावना है।
नदी-नालों का बढ़ सकता है जलस्तर
लगातार तेज बारिश होने से निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। नदी और नालों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ने की आशंका है। इससे कुछ क्षेत्रों में सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है। लोगों को उफनते नदी-नालों को पार नहीं करने और जलभराव वाले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
31 अगस्त को भी तेज बारिश की संभावना
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी और आसपास बने मौसम तंत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। 31 अगस्त को प्रदेश में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों के साथ स्थानीय प्रशासन को भी मौसम की स्थिति पर नजर रखने को कहा है। किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।





