अंबिकापुर। नेपाल-तिब्बत सीमा क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ के बाद छत्तीसगढ़ के तीन परिवार अपनों की सलामती को लेकर चिंतित हैं। अंबिकापुर के वरिष्ठ भाजपा नेता करता राम गुप्ता की बेटी डॉ. मीना गुप्ता का भी बाढ़ के बाद से कोई संपर्क नहीं हो पाया है। इसके अलावा रायपुर की मोनिका यादव और बिलासपुर की मंजू राय चौधरी से भी उनके परिजनों का संपर्क टूट गया है। तीनों महिलाओं के कैलाश मानसरोवर यात्रा से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।

कैलाश मानसरोवर यात्रा के बाद हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, डॉ. मीना गुप्ता करीब 80 लोगों के दल के साथ कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गई थीं। दल ने 23 अगस्त को यात्रा पूरी की थी। इसके बाद 25 अगस्त को यात्री नेपाल-तिब्बत सीमा क्षेत्र स्थित आव्रजन कार्यालय में औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान अचानक आई बाढ़ ने इलाके में भारी तबाही मचा दी। बाढ़ की चपेट में आने से तीन मंजिला इमारत भी धराशायी हो गई। घटना के बाद से डॉ. मीना समेत यात्रा दल के कई लोगों से संपर्क नहीं हो पाया है।

इंग्लैंड में चर्म रोग विशेषज्ञ हैं डॉ. मीना

डॉ. मीना के पिता और भाजपा नेता करता राम गुप्ता के मुताबिक, उनकी बेटी इंग्लैंड के टोरकी में चर्म रोग विशेषज्ञ के रूप में कार्यरत हैं। वह 14 अगस्त को दिल्ली पहुंची थीं और वहां से एक आध्यात्मिक गुरु के साथ करीब 80 लोगों के दल में काठमांडू के लिए रवाना हुई थीं।

डॉ. मीना ने अपने पिता से भी कैलाश मानसरोवर यात्रा पर साथ चलने के लिए कहा था, लेकिन वे नहीं जा सके। रक्षाबंधन के अवसर पर बेटी से दिल्ली में मुलाकात की उम्मीद में करता राम गुप्ता भी दिल्ली पहुंचे थे, लेकिन इससे पहले ही बाढ़ की घटना की खबर सामने आ गई।

अंबिकापुर के होलीक्रॉस स्कूल से की पढ़ाई

डॉ. मीना गुप्ता की प्रारंभिक शिक्षा अंबिकापुर के होलीक्रॉस स्कूल में हुई है। चिकित्सक बनने के बाद वह इंग्लैंड में रहकर अपनी सेवाएं दे रही हैं। बाढ़ के बाद संपर्क नहीं होने से उनका परिवार लगातार उनकी सुरक्षित वापसी की प्रतीक्षा कर रहा है।

रायपुर की मोनिका यादव से भी संपर्क टूटा

नेपाल में आई बाढ़ के बाद रायपुर के महादेव घाट क्षेत्र की रहने वाली मोनिका यादव से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। जानकारी के मुताबिक, मोनिका 22 अगस्त से नेपाल में थीं। बाढ़ की स्थिति गंभीर होने के बाद परिवार का उनसे संपर्क टूट गया, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई है।

बिलासपुर की मंजू राय चौधरी का भी पता नहीं

इसी तरह बिलासपुर के राजकिशोर नगर निवासी 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी भी कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गई थीं। वह एक तीर्थयात्रा कराने वाली संस्था के माध्यम से अपने परिचितों के साथ यात्रा पर निकली थीं। बाढ़ के बाद उनसे संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से मदद मांगी है।

राज्य सरकार ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

नेपाल में फंसे या लापता छत्तीसगढ़ के नागरिकों को लेकर राज्य सरकार ने सहायता का भरोसा दिलाया है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि नेपाल गए प्रदेश के किसी नागरिक के संबंध में यदि कोई जानकारी मिलती है तो उसे तत्काल प्रशासन के साथ साझा करें।

नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों और उनके परिजनों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।

टोल फ्री हेल्पलाइन: 1070

कंट्रोल रूम: 0771-2223471

प्रशासन प्रभावित नागरिकों के संबंध में जानकारी जुटाने और उनके परिजनों तक सहायता पहुंचाने के प्रयास में जुटा है।