रायपुर। छत्तीसगढ़ से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई का समय अब नजदीक आ गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन सकती हैं। फिलहाल राज्य में बारिश की गतिविधियां लगभग थम गई हैं और अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क बना हुआ है।
गुरुवार को प्रदेश के किसी भी हिस्से में उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं की गई। बारिश का दौर कमजोर पड़ने के साथ ही दिन के तापमान में बढ़ोतरी महसूस की जा रही है, जबकि रात के समय हल्की ठंडक का असर दिखाई देने लगा है।
रायपुर में आज आसमान साफ रहने के आसार
राजधानी रायपुर में 2 अक्टूबर को मौसम मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। फिलहाल राजधानी में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।
राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रा रोड में सबसे कम तापमान
बीते 24 घंटों में राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं और फिलहाल किसी जिले के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है।
छत्तीसगढ़ से मानसून लौटने के संकेत
दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की प्रक्रिया देश के कई हिस्सों में आगे बढ़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों के साथ गुजरात व मध्य प्रदेश के अधिकांश भागों तथा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ क्षेत्रों से मानसून की और वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। इसी क्रम में बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों से भी मानसून की वापसी के संकेत मिल रहे हैं।
IMD के अनुसार मानसून की वापसी घोषित करने के लिए लगातार शुष्क मौसम, वातावरण में नमी की कमी और हवाओं के स्वरूप में बदलाव जैसे मानकों को देखा जाता है।





