रायपुर। सितंबर की विदाई के साथ ही छत्तीसगढ़ में अब मानसून की वापसी का दौर शुरू होने के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं। इसके बाद राज्य में धीरे-धीरे बारिश की गतिविधियां कम होने और मौसम शुष्क होने की संभावना है।

दिन में गर्मी, रात में हल्की ठंड का अहसास

प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकांश स्थानों पर मौसम साफ रहा। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान के इस बदलाव के कारण दिन में गर्मी और रात व सुबह के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगी है।

रायपुर में साफ रहेगा आसमान

राजधानी रायपुर में भी फिलहाल बारिश की संभावना कम है। 1 अक्टूबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

मौसम के बदलते रुख के साथ प्रदेश में मानसून की सक्रियता अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगी है। आने वाले दिनों में बारिश में और कमी आने के साथ शुष्क मौसम का प्रभाव बढ़ सकता है।