रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान बढ़ने से लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कमजोर रह सकती हैं, इसके बाद वर्षा में फिर बढ़ोतरी होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अब तक की मौसमी बारिश लगभग सामान्य रही है और सामान्य से करीब पांच प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

रायपुर में छाए रहेंगे बादल

राजधानी रायपुर में 15 सितंबर को अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 16 सितंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

जगदलपुर में सबसे ज्यादा बारिश

मंगलवार को रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के कुछ क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 6 सेंटीमीटर बारिश जगदलपुर में हुई। इसके अलावा घुमका में 4 सेंटीमीटर, कुटरू में 2 सेंटीमीटर और दाढ़ी, बकावंड व धमधा में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

प्रदेश में राजनांदगांव 35 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती परिसंचरण

मौसम विभाग के अनुसार मानसून द्रोणिका दक्षिण-पूर्वी पाकिस्तान के आसपास बने निम्न दबाव वाले क्षेत्र से होते हुए उदयपुर, रायसेन, पेंड्रा रोड, रांची और दीघा तक सक्रिय है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में प्रदेश में बारिश की गतिविधियां दोबारा बढ़ सकती हैं।