रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मानसून द्रोणिका के सामान्य स्थिति में लौटने और बंगाल की खाड़ी में नया मौसमी तंत्र बनने से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।
बंगाल की खाड़ी में बना नया मौसमी तंत्र
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना मौसमी तंत्र आने वाले समय में और मजबूत होकर निम्न दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो सकता है। इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तर ओडिशा, झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर पहुंचने की संभावना है।
इस मौसमी सिस्टम के प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां ज्यादा देखने को मिल सकती हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।
रायगढ़ समेत इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक, वज्रपात और भारी बारिश की संभावना जताई है। रायगढ़, जशपुर, सक्ती, कोरबा और सारंगढ़ तथा आसपास के क्षेत्रों में भारी वर्षा होने के आसार हैं।
वहीं, प्रदेश के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम में बदलाव के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
रायपुर में छाए रहेंगे बादल
राजधानी रायपुर में दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि पर्याप्त बारिश नहीं होने और वातावरण में नमी बढ़ने के कारण लोगों को उमस और चिपचिपी गर्मी परेशान कर सकती है।
40 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं
बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम और मुंगेली में मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चलने का अलर्ट है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
राजधानी रायपुर में भी तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। यहां हवा की रफ्तार करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
दुर्ग सबसे गर्म, पेंड्रा में सबसे कम तापमान
प्रदेश में तापमान की बात करें तो रायपुर का अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य के आसपास रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक है।
दुर्ग प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा में सबसे कम 22 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।





