रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है और आने वाले दिनों में भी इससे राहत मिलने की संभावना कम है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में अगले सात दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश में अब तक मौसमी वर्षा सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।
शुक्रवार को राज्य के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। पिछले 24 घंटे में जगदलपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
निम्न दबाव और मानसून द्रोणिका से बन रहे बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मानसून द्रोणिका अमृतसर, मुजफ्फरनगर, कानपुर, निम्न दबाव क्षेत्र के केंद्र, डाल्टनगंज और दीघा से होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है।
इसके अलावा उत्तरी ओडिशा और आसपास ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। शनिवार को मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
रायपुर में छाए बादल, बूंदाबांदी के आसार
राजधानी रायपुर में शनिवार सुबह से ही मौसम बदला हुआ है। आसमान में घने बादल छाए हैं और कुछ इलाकों में बूंदाबांदी देखने को मिली। 22 अगस्त को शहर में सामान्यतः बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
राजपुर-बिहारपुर में 4 सेमी बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राजपुर और बिहारपुर में 4-4 सेमी बारिश दर्ज की गई। डोंगरगढ़ में 3 सेमी, जबकि जनकपुर-भरतपुर और दुर्ग में 2-2 सेमी वर्षा हुई।
रेंगाखार कला, सारागांव, राजनांदगांव, साल्हेवारा, प्रेमनगर, पिपरिया, कोटाडोल, भैरमगढ़, गीदम, खरोरा, पसान, चांपा, केल्हारी, मोहला और घुमका समेत कई स्थानों पर करीब 1-1 सेमी बारिश दर्ज की गई।
इन जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के कई जिलों के लिए बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया है। सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी और गरियाबंद में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की आशंका भी जताई गई है। संबंधित इलाकों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
आने वाले दिनों में मानसून की सक्रियता बने रहने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।




