रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां एक बार फिर से तेज हो गई हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में आने वाले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में किसी बड़े फेरबदल की संभावना नहीं है, जिससे दिन का पारा लगभग स्थिर बना रहेगा। हालांकि, बारिश की गतिविधियों में तेजी आने से लोगों को उमस से राहत मिलेगी। रविवार को जशपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा, बेमेतरा, कबीरधाम और राजनांदगांव जिलों के अलग-अलग हिस्सों में वज्रपात और मध्यम से भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी बादलों की आवाजाही के बीच हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग ने आगामी 6 दिनों के लिए विस्तृत पूर्वानुमान जारी करते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। 23 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ही एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा और गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इसके बाद 24, 25 और 26 अगस्त को भी मानसून का असर बना रहेगा और ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने के साथ सीमित स्थानों पर भारी बारिश व वज्रपात की चेतावनी दी गई है। वहीं 27 और 28 अगस्त को भी प्रदेशभर में बारिश का दौर जारी रहेगा, जहां अधिकांश क्षेत्रों में वर्षा के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग ने भारी बारिश और बिजली चमकने के दौरान नागरिकों को खुले स्थानों से दूर रहने और सुरक्षित जगहों पर शरण लेने की अपील की है।




