अंबिकापुर। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी तरुण जायसवाल को सरगुजा पुलिस ने बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार कर लिया है। करीब 10 दिनों तक कई राज्यों में लगातार तलाश और दबिश के बाद पुलिस को यह सफलता मिली।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर रखा था और संपर्क करने के लिए राह चलते लोगों के मोबाइल का इस्तेमाल करता था। इसी वजह से उसकी लोकेशन का पता लगाना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।

आरोपी की तलाश में पुलिस टीम ने झारखंड और ओडिशा के कई शहरों में भी दबिश दी। जांच के दौरान देवघर, वासुकीनाथ, पुरी और रांची समेत विभिन्न स्थानों पर उसकी तलाश की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचनाओं के आधार पर आखिरकार पुलिस ने उसे पटना से दबोच लिया।

सरगुजा पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मामले में आरोपी की लाइसेंसी 12 बोर डीबीबीएल बंदूक पहले ही जब्त की जा चुकी है।

फिलहाल पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर अंबिकापुर लेकर आ रही है। यहां पहुंचने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।