बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत दहेजवार में एक नाबालिग लड़की की मौत का मामला सामने आया है। किशोरी का शव किराए के मकान के एक कमरे में फंदे पर मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मां और दादा-दादी के साथ रहती थी किशोरी
जानकारी के मुताबिक, नाबालिग अपनी मां और दादा-दादी के साथ किराए के मकान में रहती थी। रविवार को वह अपने कमरे में गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को चिंता हुई।
दादा-दादी ने खिड़की से कमरे के अंदर देखा तो किशोरी फंदे पर लटकी हुई मिली। इसके बाद घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर निकाला शव
सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा तोड़कर किशोरी के शव को नीचे उतारा गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय किशोरी की मां अपने ब्यूटी पार्लर में थी।
मौत की वजह की जांच कर रही पुलिस
फिलहाल किशोरी की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों से जानकारी जुटाने के साथ ही परिस्थितियों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।





