महासमुंद। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बसना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने स्कूटी से गांजा लेकर आ रहे एक नाबालिग को पकड़ा है। उसके कब्जे से 6.40 किलो गांजा, एक स्कूटी और मोबाइल फोन जब्त किया गया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3.90 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, जिले में गांजा की तस्करी, परिवहन और अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन निश्चय के तहत लगातार निगरानी और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 अगस्त को पदमपुर रोड स्थित ग्राम पलसापाली अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर वाहनों की जांच की जा रही थी।

ओडिशा से गांजा लाने की मिली थी सूचना

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा के पदमपुर की ओर से स्कूटी पर गांजा लेकर लोग बसना की तरफ आ रहे हैं। सूचना के बाद चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस टीम को सतर्क कर दिया गया।

कुछ देर बाद OD 03-AE-8907 नंबर की स्कूटी चेक पोस्ट पर पहुंची। पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की। पूछताछ में वाहन सवार ने खुद को ओडिशा के बौद्ध जिले के घंटापड़ा थाना क्षेत्र स्थित खेरमंडीगढ़ का निवासी बताया।

प्लास्टिक की बोरी में मिला 6.40 किलो गांजा

स्कूटी की तलाशी लेने पर पैरदान के पास रखी प्लास्टिक की बोरी से 6.40 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस की पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि गांजा ओडिशा के बौद्ध क्षेत्र से लाया गया था और इसे बसना में एक व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था।

पुलिस ने गांजा के साथ स्कूटी और मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 3 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में विधि के अनुसार कार्रवाई करते हुए विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।