भिलाईनगर। स्मृतिनगर चौकी क्षेत्र में नाबालिग को कथित तौर पर धमकाकर उसके ही रिश्तेदारों के घर से सोने के जेवर चोरी कराने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कांग्रेस पार्षद के बेटे समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों के कब्जे से दोनों मामलों से जुड़े करीब 8 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

2-3 महीने पहले नाबालिग को धमकाने का आरोप

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा के अनुसार, दुर्गानगर जुनवानी रोड निवासी मोहम्मद मोहसीन खान (32) ने 9 अगस्त को स्मृतिनगर चौकी में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि करीब दो से तीन महीने पहले उनके 17 वर्षीय भांजे को अनुराग कुर्रे और उसके साथियों ने कथित तौर पर धमकाया था।

आरोप है कि नाबालिग को जान से मारने की धमकी देकर घर से सोने के जेवर लाने का दबाव बनाया गया। इसके बाद नाबालिग ने अपने मामा मोहम्मद मोहसीन खान के घर से दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का हार, एक जोड़ी कान की बालियां और एक मंगलसूत्र निकालकर आरोपितों को दे दिया।

मां के घर से भी जेवर चोरी कराने का आरोप

नाबालिग की मां शाहीन परवीन ने भी स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक, नाबालिग ने घर से एक जोड़ी सोने के कंगन, एक मंगलसूत्र और दो सोने की अंगूठियां निकालकर अनुराग कुर्रे को दे दी थीं।

पुलिस जांच में सामने आया कि नाबालिग पर कथित तौर पर लगातार दबाव बनाया जाता था और उससे घर में रखे सोने के जेवर लाने के लिए कहा जाता था। नाबालिग द्वारा लाए गए जेवरों को आरोपित अपने पास रख लेते थे।

तकनीकी जांच के आधार पर आरोपितों तक पहुंची पुलिस

शिकायत मिलने के बाद स्मृतिनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस आरोपितों तक पहुंची। इसके बाद चोरी किए गए जेवर और अन्य सामान बरामद किया गया।

पुलिस ने इस मामले में भिलाई के वार्ड क्रमांक-6 के कांग्रेस पार्षद रविशंकर कुर्रे के बेटे अनुराग कुर्रे (32), करन सोनी (25) और रोहित गुप्ता (23) को गिरफ्तार किया है।

ऑनलाइन बेटिंग एप की आदत लगवाने का भी आरोप

पुलिस के मुताबिक, अनुराग कुर्रे पर नाबालिग को ऑनलाइन बेटिंग एप पर रुपये लगाने की आदत डालने का भी आरोप है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि नाबालिग पर जेवर लाने के लिए किस तरह दबाव बनाया गया और बरामद सामान का इस्तेमाल या लेन-देन कहां किया जाना था।

फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।