रायपुर। राजधानी रायपुर में डागा बिल्डिंग के पास हुई हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए सिटी कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने फरार आरोपी नदीम खान उर्फ जगीरा (40) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक मामूली विवाद के दौरान आरोपी ने पत्थर से युवक के सिर पर कई वार किए थे। घटना के बाद वह रायपुर से फरार होकर नागपुर चला गया और लगातार ठिकाने बदलता रहा।

पुलिस के अनुसार 23 जुलाई 2026 को डागा बिल्डिंग के सामने एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान जानी के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट को मौत की वजह बताया गया, जिसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

कंबल को लेकर शुरू हुआ था विवाद

जांच में सामने आया कि आरोपी जगीरा डागा बिल्डिंग के आसपास खुले स्थान पर अन्य लोगों के साथ रहता और भिक्षा मांगकर जीवनयापन करता था। घटना की रात जानी कथित रूप से शराब के नशे में वहां पहुंचा। पुलिस के अनुसार उसने जगीरा का कंबल छीनने की कोशिश की और वहीं पेशाब करने लगा।

इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर जगीरा ने पास पड़ा पत्थर उठाकर जानी के सिर के पीछे दो से तीन बार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से जानी वहीं गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और इलाके में रहने वाले लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान नदीम खान उर्फ जगीरा का नाम सामने आया। पुलिस को जानकारी मिली कि वह मूल रूप से शहीद हमीद नगर, सिटी कोतवाली क्षेत्र रायपुर का रहने वाला है।

पुलिस की तलाश की भनक लगते ही आरोपी रायपुर छोड़कर नागपुर भाग गया। बताया गया कि वह एक जगह अधिक समय तक नहीं रुकता था और उर्स तथा मजारों के आसपास रहकर पुलिस से बचने का प्रयास करता रहा।

हुलिया बदलकर वापस आया रायपुर

कुछ दिनों बाद आरोपी अपना हुलिया बदलकर रायपुर लौट आया और अलग-अलग इलाकों में भिक्षुक के रूप में घूमने लगा। पुलिस लगातार उसके संपर्क में रहने वाले लोगों और भिक्षुओं से जानकारी जुटा रही थी।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि जगीरा हुलिया बदलकर शहर में मौजूद है। टीम ने संभावित ठिकाने पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के साथ मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।