रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रेम-प्रसंग से जुड़े विवाद के बाद एक युवक की कार से कुचलकर मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 34 वर्षीय परमप्रीत सिंह के रूप में हुई है। आरोप है कि विवाद के दौरान युवक कार पर चढ़ गया था और वाहन के तेज रफ्तार में आगे बढ़ने के दौरान नीचे गिर गया। इसके बाद कार से उसे कुचल दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दोस्त के साथ हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक, टाटीबंध निवासी परमप्रीत सिंह का शुक्रवार शाम अपने दोस्त भरत मंगनानी के साथ विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान परमप्रीत की गर्लफ्रेंड भी मौके पर मौजूद थी।
विवाद बढ़ने के बाद युवती भरत मंगनानी की कार में बैठकर वहां से जाने लगी। उसे रोकने की कोशिश में परमप्रीत कार पर चढ़ गया।
करीब 200 मीटर तक कार के साथ रहा युवक
रिपोर्ट के अनुसार, परमप्रीत के कार पर चढ़ने के बाद चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी। परमप्रीत करीब 200 मीटर तक कार के साथ लटका रहा। इसी दौरान वह सड़क पर गिर गया।
आरोप है कि नीचे गिरने के बाद कार उसके ऊपर से गुजर गई। घटना में परमप्रीत के सिर, हाथ-पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल में हुई मौत
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल परमप्रीत को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ वहां मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही घटना के पूरे घटनाक्रम और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।




