धमतरी। सोशल मीडिया पर सरपंच, सचिव और ग्रामीणों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करना एक युवक को भारी पड़ गया। धमतरी जिले के बोराई थाना क्षेत्र के ग्राम कसपुर में WhatsApp स्टेटस के जरिए आपत्तिजनक टिप्पणी करने और गांव में विवाद की स्थिति पैदा करने के आरोप में पुलिस ने 30 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने के बाद जिला जेल धमतरी भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम कसपुर निवासी उमेश्वर उर्फ उमेश कुमार चक्रधारी ने 20 अगस्त 2026 को अपने WhatsApp स्टेटस पर गांव के सरपंच, सचिव और ग्रामीणों को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी। इसे लेकर गांव में नाराजगी बढ़ गई और विवाद की स्थिति बनने लगी। आरोप है कि समझाइश देने के बावजूद युवक लड़ाई-झगड़ा और मारपीट पर उतारू हो गया।

मामले को लेकर ग्राम कसपुर के सरपंच बोधन सिंह मरकाम ग्रामीणों के साथ बोराई थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने उमेश्वर उर्फ उमेश कुमार चक्रधारी (30), निवासी ग्राम कसपुर को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया। साथ ही शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उसके खिलाफ धारा 126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। आरोपी को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट नगरी के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल धमतरी भेज दिया गया।

धमतरी पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी और कानून के दायरे में रहकर इस्तेमाल करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि ऐसी सामग्री पोस्ट, शेयर या प्रसारित करने से बचें, जिससे किसी व्यक्ति की गरिमा को ठेस पहुंचे, सामाजिक सौहार्द बिगड़े या कानून-व्यवस्था प्रभावित हो। ऐसे मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।