रायपुर। हार्ट अटैक और गंभीर हृदय रोगों के मरीजों के लिए राहत की खबर है। राजधानी रायपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मृति चिकित्सालय स्थित एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट (ACI) में अब कई महंगी और जीवनरक्षक हृदय संबंधी दवाएं व इंजेक्शन मरीजों को निशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे जरूरतमंद मरीजों को इलाज के दौरान हजारों रुपये की दवाएं बाहर से खरीदने की परेशानी से राहत मिलेगी।

हार्ट अटैक में इस्तेमाल होने वाला महंगा इंजेक्शन भी उपलब्ध

ACI के कार्डियोलॉजी विभाग में हार्ट अटैक के उपचार में इस्तेमाल होने वाला टेनेक्टेप्लेस (TNK-t-PA) इंजेक्शन भी उपलब्ध कराया गया है। इसकी बाजार कीमत करीब 35 से 40 हजार रुपये तक बताई गई है। अस्पताल में इसे मरीज की चिकित्सकीय जरूरत के अनुसार निशुल्क दिया जा रहा है। इसके अलावा स्ट्रेप्टोकाइनेज 15 लाख IU इंजेक्शन की भी सुविधा उपलब्ध है।

ये आधुनिक दवाएं भी मिल रहीं मुफ्त

कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. (प्रो.) स्मित श्रीवास्तव के अनुसार अस्पताल में टिकैग्रिलोर 90 मिलीग्राम, एज़ेटिमाइब, मावाकैम्टेन, सरोग्लिटाज़ार, इवोलोकुमैब, सेमाग्लूटाइड समेत कई आधुनिक दवाएं उपलब्ध हैं। मावाकैम्टेन की बाजार कीमत करीब 21 से 22 हजार रुपये तक हो सकती है।

एंजियोग्राफी और गंभीर मरीजों के इलाज की दवाएं भी मौजूद

अस्पताल में एंजियोग्राफी के लिए उपयोग होने वाले ऑम्निपेक और विजिपेक कॉन्ट्रास्ट मीडिया के साथ एनोक्सापारिन, हेपरिन, ह्यूमन एल्ब्यूमिन, नाइट्रोग्लिसरीन और अन्य जरूरी दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे आपात स्थिति में मरीजों के परिजनों को दवाओं के लिए बाहर भटकने की जरूरत कम होगी।

मरीजों पर कम होगा इलाज का आर्थिक बोझ

अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि महंगी जीवनरक्षक दवाओं की सरकारी अस्पताल में निशुल्क उपलब्धता से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी। गंभीर हृदय रोग या हार्ट अटैक की स्थिति में समय पर दवा उपलब्ध होने से उपचार शुरू करने में भी मदद मिलेगी।