धमतरी। जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने गुरुवार रात बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर के निर्देश पर खनिज अधिकारी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने अछोटा रोड पर दबिश देकर रेत परिवहन में लगे कई वाहनों की जांच की। कार्रवाई के दौरान कुल 8 हाइवा वाहनों को पकड़ा गया


सूचना के बाद अछोटा रोड पर पहुंची टीम

खनिज विभाग को सूचना मिली थी कि अछोटा रोड से हाइवा वाहनों के जरिए रेत का परिवहन किया जा रहा है। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची और एक-एक कर वाहनों को रोककर दस्तावेजों की जांच शुरू की।

जांच के दौरान कुछ वाहनों के पास रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त कर लिया।


रात 11 बजे से 2 बजे तक चली कार्रवाई

खनिज विभाग की कार्रवाई रात करीब 11 बजे शुरू हुई और देर रात करीब 2 बजे तक जारी रही। इस दौरान विभागीय अमला मौके पर डटा रहा और रेत परिवहन में लगे वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई।


रेत कारोबारियों में मचा हड़कंप

अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अचानक हुई कार्रवाई से रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। विभाग अब जब्त किए गए वाहनों के दस्तावेजों और परिवहन से जुड़ी अनुमति की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रहा है।


आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों और संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।