कवर्धा। जिले में अवैध रेत के कारोबार पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम खरहट्टा में करीब 2600 घन मीटर अवैध रेत का भंडारण जब्त किया है। राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम की इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

कबीरधाम जिले में अवैध खनन और रेत के अवैध भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। ग्राम खरहट्टा में बड़ी मात्रा में अवैध रूप से रेत जमा किए जाने की सूचना पर राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। जांच में करीब 2600 घन मीटर रेत अवैध रूप से भंडारित मिली, जिसे नियमानुसार जब्त कर लिया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, जब्त रेत के संबंध में खनिज नियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अवैध भंडारण और खनन से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध रेत कारोबारियों के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है।