महासमुंद। जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के रेहटीखोल अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 35 किलो 190 ग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 17.56 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन युवक बैग में गांजा लेकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर पैदल आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जांच नाके पर घेराबंदी की और तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके चार बैग से गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे गांजा फुलबानी, ओडिशा से रायपुर लेकर जा रहे थे। पुलिस ने गांजे के साथ तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत करीब 17.81 लाख रुपये आंकी गई है।

तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क और इसके अन्य सदस्यों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।